समधन कस्वे में जानकारी लेते डीएम राकेश मिश्रा व एसपी अमरेंद्र प्रसाद सिंह।
- फोटो : KANNAUJ
समधन। बदलेपुरवा और बहादुरपुर के बाद समधन जिले का तीसरा हॉट स्पाट बन गया है। शनिवार रात को जमातियों के संपर्क में आए युवक के कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद हड़कंप मचा है। रविवार सुबह डीएम-एसपी, सीएमओ टीम के साथ समधन पहुंच गए और एक किमी परिधि में आने वाले समधन के छह मोहल्लों को सील करा दिया। फायर ब्रिगेड और सफाई कर्मियों की टीम ने इन मोहल्लों को सैनिटाइज किया। पांच लोगों के सैंपल लिए गए हैं और करीब 150 लोगों की थर्मल स्क्रीनिंग कराई गई है। 20 डाक्टरों की टीम को थर्मल स्कैनिंग और जांच के लिए लगाया गया है। डीएम ने सभी जरूरी सामान को घर-घर पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। एसपी ने कोतवाल को निर्देश दिए हैं कि कोई भी घर से न निकलने पाए यह सुनिश्चित कराया जाए।
15 अप्रैल को समधन की तीन मस्जिदों में 28 जमाती और 14 क्षेत्रीय लोग मिले थे। इनके सैंपल लेने के बाद क्वारंटीन वार्ड में रखा गया था। शनिवार रात आई रिपोर्ट में जमातियों के संपर्क में आना वाला एक 42 वर्षीय युवक संक्रमित मिला। रविवार सुबह छिबरामऊ एसडीएम गौरव शुक्ला व सदर सीओ श्रीकांत प्रजापति ने तालग्राम सीएचसी के एमओआईसी डा. उमेश वर्मा की टीम के साथ पहुंचकर थर्मल स्क्रीनिंग शुरू कराई। नगर पंचायत ईओ वीरेंद्र कनौजिया की देखरेख में सफाई कर्मियों ने गलियों को सैनिटाइज किया। इसके बाद पहुंची दमकल टीम ने भी मोहल्लों को सैनिटाइज करने का काम किया। दोपहर में पहुंचे जिलाधिकारी राकेश कुमार मिश्रा व पुलिस अधीक्षक अमरेंद्र प्रसाद ने आजाद नगर मोहल्ले की करीब एक किमी परिधि में आने वाले मोहल्ले आजाद नगर, के साथ ही सिकंदर नगर, गर्दाबाद अलामा, इकबाल नगर, नेहरू नगर और दारासराय को सील करा दिया। डीएम ने ईओ को निर्देश दिए कि सभी सील मोहल्लों में दूध, सब्जी, फलों आदि जरूरत के सामान को घर-घर पहुंचाया जाए।