तालग्राम। तेराजाकेट-तालग्राम मार्ग पर तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने मोपेड में टक्कर मार दी। मोपेड सवार किसान की मौत हो गई, पीछे बैठा किशोर घायल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। हेलमेट न होने से किसान को सिर में गहरी चोट लग गई थी।
औरैया के थाना बेला शाहजहांपुर गांव निवासी सुनील कुमार (40) पुत्र दिवारी लाल खेती करते थे। अपने पुत्र सुरजीत सिंह (10) के साथ मोपेड से बहन के घर नरुईया गांव गए थे। शुक्रवार देर शाम लौटते समय थाना तालग्राम के चौखटा चौराहे के पास अज्ञात वाहन ने मोपेड में पीछे से टक्कर मार दी। पिता-पुत्र घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस से सीएचसी तालग्राम भेजकर भर्ती कराया। सुनील यादव को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज तिर्वा भेजा गया। वहां इलाज के दौरान शनिवार को उनकी मौत हो गई। सुरजीत अस्पताल में भर्ती है। सुनील के तीन पुत्र और एक पुत्री हैं। पत्नी तुलसी रो-रो कर बेहाल है।
थानाध्यक्ष कमल भाटी ने बताया कि अज्ञात वाहन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। वाहन की तलाश कराई जा रही है। शव को पोस्टमार्टम को भेजा गया है।