कन्नौज। विधानसभा चुनाव में एक माह की जी-तोड़ मेहनत का दौर समाप्त हो गया। रविवार सुबह मतदान शुरू होने के साथ प्रत्याशी, उनके समर्थक शाम तक भ्रमण पर रहे। दूसरे दिन सोमवार को प्रत्याशियों और उनके समर्थकों व पार्टी के शीर्ष नेताओं ने थकान की खुमारी उतारी। घर पर पूरी नींद लेकर सुबह उठे प्रत्याशियों ने परिवार के लोगों को वक्त दिया और हालचाल की जानकारी की। इसके बाद नेताओं, समर्थकों के साथ बैठकर बूथवार गुणा-भाग कर चुनावी गणित पर चर्चा की।
परिवार के साथ विजयी मुद्रा का असीम ने किया प्रदर्शन
मतदान प्रक्रिया संपन्न होने के बाद पार्टी कार्यालय पहुंच कर असीम अरुण ने सहयोग के लिए नेताओं और समर्थकों को धन्यवाद दिया। इसके बाद पैतृक गांव खैरनगर पहुंचे। यहां परिवार के लोगों के साथ बैठकर कर बातचीत की और जीत का प्रदर्शन किया। सोमवार सुबह पत्नी ज्योत्सना के साथ बाहर के लिए रवाना हुए।
पार्टी कार्यालय में अनिल दोहरे ने जीत का किया गुणा-भाग
सपा प्रत्याशी मौजूदा विधायक अनिल दोहरे मतदान समाप्त होने के बाद रात करीब 12 बजे तक मंडी समिति में स्ट्रांग रूम पर रहे। घर जाने के बाद पूरी नींद ली। पत्नी सुनीता दोहरे और परिवार के लोगों से बैठकर चाय पी। इसके बाद पार्टी कार्यालय पहुंचे यहां नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ जीत का गुणा-भाग किया।
नामांकन के बाद रसोई घर जाने का मिला मौका
कांग्रेस प्रत्याशी विनीता कमल को नामांकन के बाद सोमवार को रसोई घर जाने का मौका मिला तो उन्होंने चाय बनाई। इसके बाद परिवार की महिलाओं के साथ भजन गाकर ईश्वर से जीत की कामना की। शाम होने पर कार्यकर्ताओं से फोन पर हार-जीत का गुणा-भाग लगाया।
चुनावी खर्च का हिसाब-किताब देखा
कन्नौज। बसपा प्रत्याशी समरजीत दोहरे मतदान के बाद मंडी समिति से रात करीब एक बजे तिर्वा स्थित घर पहुंचे। रात को सोने के बाद सोमवार सुबह परिवार के लोगों को समय दिया। इसके बाद घर पर बैठकर पार्टी के नेताओं से चुनाव में हुए खर्च का हिसाब किताब देखा। वहीं उन्होंने वूथवार समीक्षा कर जीत होने की गणित तैयार की।
एक माह बाद बच्चों से मिले, बेटी के साथ खेला कैरम
कन्नौज। एआईएमआईएम के प्रत्याशी डॉ. सुनील कुमार दिवाकर ने चुनावी भागमभाग के बाद रविवार रात को सुुकुन की नींद ली। सुबह निजी हास्पिटल में मरीजों का हालचाल लिया। कई माह बाद बेटी सुप्रीत और बेटे कुलश्रेष्ठ को खिलाकर लाड़ प्यार किया। शाम को बेटी के साथ कैरम बोर्ड खेला।
समर्थकों और कार्यर्ताओं से घिरे रहे अजय वर्मा
चुनाव प्रचार का थकान भरा सफर पूरा करने के बाद तिर्वा विधान सभा सीट बसपा प्रत्याशी अजय वर्मा ने सोमवार को फुरसत में दिखे। उन्होंने दिनचर्या की शुरुआत अखबार पढ़ने से की। परिवार के साथ पूजा की। चाय पीने के बाद क्षेत्र भ्रमण को निकल पड़े। शाम होने पर कार्यकर्ताओं और समर्थकों के बीच चुनावी चर्चा की।
घर में पूजा कर दोस्तों से मिले अनिल पाल
तिर्वा विधानसभा सीट से सपा प्रत्याशी अनिल पाल ने सोमवार को पति पूर्व मंत्री विजय बहादुर पाल, पत्नी पूजा वर्मा के साथ पूजा-अर्चना कर जीत की कामना की। इसके बाद शाम को दोस्तों को समय दिया। घर पर मिलने पहुंचे दोस्तों के साथ छत पर बैठकर काफी देरतक तक वार्ता की।