कन्नौज/ गुरसहायगंज। पकड़े गए 149 बोरी चावल की जांच तीन सदस्यीय कमेटी करेगी। कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर जिलाधिकारी कार्रवाई करेंगे। कमेटी बुधवार तक जांच रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंपेगी।
जिलाधिकारी राकेश कुमार मिश्रा ने गुरसहायगंज के इंदिरानगर में पकड़े गए 149 बोरी चावल की जांच के लिए जिला पूर्ति अधिकारी, डिप्टी आरएमओ और मंडी सचिव की कमेटी बनाई है। यह बुधवार तक जांच कर रिपोर्ट सौंपेगी। यह कि सरकारी राशन की दुकान का चावल है या जिसके यहां पकड़ा गया उसका।
इसकी जांच रिपोर्ट बुधवार तक जिलाधिकारी को मिलने की संभावना जताई जा रही है। इंदिरा नगर के मैदान में 19 अगस्त को सुबह ट्रैक्टर से 149 बोरी चावल उतारने की सूचना कोतवाली पुलिस को दी गई थी। इस पर कोतवाल ने जिलाधिकारी को मामले की सूचना दी।
पुलिस ने सादे कपड़ों में पहुंचकर चावल को बोरियों में भरवा कर कब्जे में ले लिया। सूचना पर जिला पूर्ति अधिकारी कमलेश गुप्ता, कन्नौज के पूर्ति निरीक्षक श्याम कुमार, सलीम रजा, मनीष गुप्ता आदि ने चावल को पुलिस से कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
यहां मौजूद रोहित गुप्ता ने चावल को अपना बताया था। कहा था कि उनकी रजिस्टर्ड फर्म है। वह फुटकर में ग्रामीणों से चावल खरीदते हैं। इसे फुटकर में ही बेचते हैं। उन्होंने सरकारी राशन का चावल होने से इनकार किया है।