तालग्राम(कन्नौज)। इलाके के कुशलपुर्वा गांव में रात 11 बजे हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर जमीन पर गिर गया। हादसे की आशंका को देखते हुए आपूर्ति बंद कराने पहुंचे ग्रामीणों और कर्मचारियों के बीच मारपीट हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले को शांत कराया।
बुधवार रात करीब 11 बजे कुशलपुर्वा गांव में हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर जमीन पर गिर गया। टूटे तार से हादसा न हो, इससे ग्रामीणों ने विद्युत उपकेंद्र तालग्राम पर फोन कर आपूर्ति बंद कराने के लिए कहा। आपूर्ति बंद नहीं हुई। इस पर गांव के मंगल सिंह ठाकुर, नीरज कुमार, पंकज कुमार, नीलू कुमार, राजेश प्रजापति, जनवेद पाल और सौरभ ठाकुर समेत कई लोग विद्युत उपकेंद्र पर पहुंच गए। यहां तैनात कर्मचारियों से विवाद होने पर मारपीट हो गई। ग्रामीणों ने यहां हंगामा किया। वीडियो बनाकर वायरल कर दिया।
ग्रामीणों ने कर्मचारियों के नशे में होने की बात भी कही। मामले की जानकारी पर यूपी डायल 112 पहुंच गई। पुलिसकर्मियों ने कर्मचारियों और ग्रामीणों को शांत कराते हुए आपूर्ति बंद करा दी। एसडीओ अनुभव श्रीवास्तव का कहना है कि वीडियो की जांच की जा रही है। दोषी कर्मचारियों पर कार्रवाई की जाएगी।