तिर्वा। अवैध कब्जे की शिकायत पर पहुंची राजस्व विभाग की टीम के साथ कब्जेदारों ने अभद्रता कर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर एक को जेल भेज दिया है।
थाना ठठिया के औसेर गांव निवासी मीना देवी पत्नी बृजेश कुमार की भूमि पर ओमकार यादव पुत्र अर्जुन सिंह ने अवैध रूप से कब्जा कर रखा है। इसकी शिकायत पर रविवार को सर्वे लेखपाल कौशल कुमार पैमाइश कर भूमि को कब्जा मुक्त कराने पहुंचे थे। पैमाइश शुरू करते ही ओमकार यादव अपने पुत्र विशाल व पत्नी अंशु देवी के साथ पहुंच गया और राजस्व टीम के साथ अभद्रता करने लगा। टीम का विरोध करते हुए गालीगलौज करने लगा। लेखपाल कौशल कुमार ने जब समझाने का प्रयास किया तो जान से मारने की धमकी देकर भगा दिया। थाना पुलिस ने लेखपाल की तहरीर पर सभी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है और ओमकार यादव को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।