तिर्वा। अपर पुलिस महानिदेशक की ओर से गठित दो सदस्यीय टीम शुक्रवार को तिर्वा कोतवाली पहुंची। यहां तत्कालीन कोतवाल से बंद कमरे में दो घंटे तक पूछताछ कर साक्ष्य जुटाए। बाद में पुलिस कर्मियों और ससुरालियों से घटना की जानकारी ली। अपर पुलिस महानिदेशक ने 10 माह पहले शिक्षक की मौत मामले में दो सदस्यीय टीम गठित कर जांच करने के आदेश दिए हैं।
शुक्रवार को कोतवाली पहुंची टीम ने पूर्व कोतवाल टीपी वर्मा को बुलाकर बंद कमरे में पूछताछ की। साथ ही टीम ने शिक्षक को किस शिकायत पर कोतवाली लाया गया, इसके बारे में भी पूछा। टीम ने शिक्षक के ससुरालियों से भी जानकारी ली। कोतवाल शैलेंद्र कुमार ने बताया कि दो सदस्यीय टीम गोपनीय जांच करने आई थी। टीम ने पुलिसकर्मियों समेत शिक्षक के ससुराल जाकर जांच की। टीम अपनी जांच रिपोर्ट अपर पुलिस महानिदेशक को देगी। जालौन के गिदौसा गांव निवासी शिक्षक पर्वत सिंह 19 मार्च को अपनी ससुराल सुक्खापुर्वा आए थे। यहां विवाद हो जाने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया था। शिक्षक ने कोतवाली के इज्जतघर में अंगोछे से फांसी लगाकर जान दे दी थी। तत्कालीन एसपी ने पुलिसकर्मियों की लापरवाही मानते हुए कोतवाल समेत पुलिस कर्मियों को निलंबित कर दिया था। कार्रवाई से संतुष्ट न होने पर शिक्षक के परिजनों ने एडीजी से मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की थी।