छिबरामऊ। जमीन विवाद को लेकर क्षेत्र के अतिराजपुर गांव में हुए गोलीकांड के बाद पुलिस ने महिला समेत सात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की हैै। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की आठ टीमें लगाई गई हैं। पुलिस ने पूछताछ के लिए छह लोगों को हिरासत में लिया है।
क्षेत्र के ग्राम अतिराजपुर निवासी किसान अरविंद दुबे पुत्र शिवमूरत दुबे ने बताया कि गांव के ही राजीव दुबे व शिवकांत उर्फ बबलू दुबे से उनका जमीन संबंधी विवाद चल रहा है। इसी विवाद के चलते गुरुवार की रात वह अपने भांजे राहुल तिवारी व बड़े भाई विनय कुमार उर्फ बाबा के साथ दरवाजे पर बैठा था। उसी समय राजीव दुबे, शिवाकांत दुबे उर्फ बबलू अपने हाथों में तमंचा लेकर आए, उनके साथ सिद्धू उर्फ सिद्धार्थ, गगन पुत्रगण शिवकांत, सत्येंद्र पुत्र विनोद, सुमित पुत्र देवेंद्र, सपना पत्नी राजीव अपने हाथों में लाठी व असलहा लेकर थे। जान से मारने की नीयत से फायर किया गया। गोली लगने से मेरे बड़े भाई विनय उर्फ बाबा व राहुल तिवारी घायल हो गए। इसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। आरोपियों की तलाश में पुलिस की आठ टीमें लगी हैं। पुलिस ने पूछताछ के लिए छह लोगों को हिरासत में लिया है। इस संबंध में कोतवाल विनोद कुमार मिश्रा ने बताया कि आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। शीघ्र ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।