गुरसहायगंज। क्षेत्र के टडहा गांव में मारपीट के मामले में जांच करने पहुंचे दो सिपाहियों से महिलाओं ने अभद्रता की। सूचना मिलते ही कोतवाली से पहुंची पुलिस टीम ने दो महिलाओं को हिरासत में लेकर जांच शुरू की है।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम टडहा निवासी शेर सिंह की बेटी पांच दिसंबर को खेतों में बकरी चरा रही थी। इस दौरान बकरी गांव के ही संग्राम सिंह के खेत में घुस गई। इस पर उन्होंने शेर सिंह की पुत्री के सिर में डंडा मार दिया था। कोतवाली में सूचना दिए जाने के बाद कार्रवाई से असंतुष्ट शेर सिंह ने पुलिस अधीक्षक से मामले की शिकायत की। इस पर रविवार को सराय प्रयाग चौकी के दो आरक्षी गांव में छानबीन करने पहुंचे। गांव में जब वह संग्राम सिंह के घर पहुंचे तो महिलाएं उग्र हो गईं और दोनों सिपाहियों से अभद्रता शुरू कर दी। जानकारी मिलने पर कोतवाली से पहुंची पुलिस ने संग्राम सिंह के परिवार के दो महिलाओं को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। सराय प्रयाग चौकी प्रभारी मुकेश राणा ने बताया कि झगड़े की सूचना पर पुलिस पहुंची थी। महिलाओं ने सिपाहियों से अभद्रता की है। उन्हें हिरासत में लिया गया है।