कन्नौज। किसान आंदोलन को लेकर दूसरे दिन रविवार को भी पूरे जिले में पुलिस प्रशासन चौकस रहा। आगरा लखनऊ एक्सप्रेस-वे के सभी टोल प्लाजा पर पुलिस बल तैनात रहा। इसके अलावा सार्वजनिक स्थलों पर भी पुलिस की चौकसी रही। एक्सप्रेस-वे से गुजरने वाले कुछ वाहनों की आशंका के चलते तलाशी के साथ पूछताछ की गई। वहीं गुरसहायगंज के इस्मालपुर में किसान यूनियन के कार्यालय पर भी पुलिस का पहरा रहा। किसान यूनियन जिलाध्यक्ष शमीम सिद्दीकी को निगरानी में रखा गया। देर शाम तक ठठिया, तिर्वा, तालग्राम और सौरिख टोला प्लाजा पर पुलिस बल मौजूद रहा।
तालग्राम में कृषि कानूनों के विरोध में किसानों के टोल फ्री करने की आशंका के चलते रविवार को थाना प्रभारी कृष्णलाल पटेल के नेतृत्व में टोल प्लाजा पर पुलिस, पीएसी और दमकल टीम मुस्तैद रही। एक्सप्रेस वे पर इंतजार कर रही यात्रियों को भी चेक किया गया। जबकि, आशंका के चलते दिल्ली की ओर जाने वाले वाहनों की तलाशी लेने और पूछताछ के बाद ही जाने दिया गया।