छिबरामऊ। दीपावली के त्योहार को देखते हुए नगर व आसपास के क्षेत्रों में एसडीएम व सीओ ने आतिशबाजी के गोदामों का निरीक्षण किया। गोदाम के ऊपर चेतावनी न लिखे होने पर एसडीएम ने लाइसेंसधारक को फटकार लगाई। साथ ही सभी मानक पूरे करने के निर्देश दिए।
गुरुवार को एसडीएम देवेश कुमार गुप्ता व सीओ शिव कुमार थापा ने छिबरामऊ में असालत नगर व गुसाइनपुर, सिकंदरपुर में दो आतिशबाजी की थोक दुकानों को चेक किया। एसडीएम ने बताया कि छिबरामऊ, सौरिख व विशुनगढ़ में इस बार रामलीला मैदान, सिकंदरपुर में भारतीय शिक्षा सदन इंटर कालेज को आतिशबाजी बेचने के लिए चिन्हित किया गया है। इसके अलावा यदि कहीं आतिशबाजी की बिक्री होती पाई गई तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।