कन्नौज। जिले की ग्राम पंचायतों में बन रहे पंचायत भवन व सामुदायिक शौचालय की समीक्षा में ब्लाक तालग्राम व उमर्दा की प्रगति सबसे खराब पाई गई। यहां के एडीओ पंचायत को अंतिम चेतावनी दी गई जबकि ब्लाक कन्नौज व हसेरन के एडीओ पंचायत से जवाब मांगा गया। दो दिन में सुधार न होने पर कार्रवाई की जाएगी।
सीडीओ आरएन सिंह ने शनिवार शाम जिले भर के बीडीओ व एडीओ पंचायत के साथ बैठक की। इसमें उन्होंने ग्राम पंचायतों में बनाए जा रहे पंचायत भवन व सामुदायिक शौचालय के निर्माण कार्य के प्रगति के बारे में ब्लाक वार समीक्षा की। इसमें सदर ब्लाक व हसेरन में पंचायत भवन निर्माण कम मिलने पर एडीओ पंचायत प्रदीप दुबे से जवाब मांगा गया है। इसी तरह ब्लाक तालग्राम व उमर्दा में पंचायत भवन के निर्माण शुरू न होने पर एडीओ पंचायत को अंतिम चेतावनी दी गई। सुधार न लाने पर कार्रवाई के निर्देश दिए। सीडीओ ने कहा कि अगर पंचायत भवन व सामुदायिक शौचालय के निर्माण में भूमि संबंधी अगर कोई दिक्कत आ रही है तो संबंधित एसडीएम व तहसीलदार को अवगत कराए। इससे वह भूमि संबंधी मामलों का समय में निस्तारण कर सकें। इससे सभी ग्राम पंचायतों में पंचायत भवन व सामुदायिक शौचालय का निर्माण शुरू हो सके। इस मौके पर डीडीओ एनबी सविता, डीपीआरओ जितेंद्र मिश्रा समेत कई अफसर मौजूद रहे।