कन्नौज/नजरापुर। कोरोना काल के बीच जिला मुख्यालय से सटे गांव गंगधरापुर गांव में डेंगू ने खौफनाक दस्तक दी है। गांव में रहने वाले 10 लोगों को डेंगू ने अपनी चपेट में ले लिया। जबकि 24 से अधिक लोग संक्रमित अन्य बीमारियों से बीमार हैं। अधिकांश मरीजों का कानपुर के निजी अस्पतालों में उपचार चल रहा है। ग्रामीणों ने गांव में चिकित्सा शिविर लगाकर इलाज कराने की मांग की है।
सदर ब्लाक के गांव गंगधरापुर में शुक्रवार से शेरु (32) पुत्र वीरेश तिवारी, शिवस्वरूप, (75) धनीराम, आयुषी (14), पुत्री विपिन तिवारी, हर्षित (24) पुत्र विपिन, देवू (11) पुत्र अशोक दुबे, जयनारायण (60) पुत्र गंगा महेश, लवू (10) पुत्र रामजी, नन्हेंलाल (75) पुत्र विसाशी लाल, बिट्टी देवी (14) पुत्र लल्ला और रानी (08) पुत्री ब्रजेश बीमार हैं। जिला अस्पताल और निजी चिकित्सकों से दवा लेने के बाद सुधार न होने पर परिवार के लोगों ने कानपुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। परिजनों ने बताया कि निजी अस्पतालों के चिकित्सकों ने डेंगू होने की बात कही है। विपिन तिवारी ने बताया कि उनके बेेटे बेटी का इलाज कानपुर के नर्सिंग होम में इलाज चल रहा है। चिकित्सकों ने डेंगू होने की बात कही है। वहीं वीरेश तिवारी ने बताया कि बेटे को डेंगू है कानपुर के नर्सिंग होम से इलाज के बाद अब आराम है। वहीं ग्रामीणों का कहना है कि गांव में करीब 24 लोग अन्य संक्रामक बीमारियों से पीड़ित है। निजी चिकित्सकों से इलाज रहा है। ग्रामीण पवन तिवारी, जवाहर लाल, संतोष, मनोज और पप्पू ने बताया गांव के तालाबों में गंदगी है, जिससे संक्रामक बीमारियां फैल रही है। गांव में जल्द सफाई और शिविर लगाकर मरीजों का उपचार किया जाए। सीएमओ डा. कृष्ण स्वरूप ने बताया कि गंगधरापुर गांव में कुछ लोगों के डेंगू का शिकार होने की जानकारी मिली है। सोमवार को गांव में स्वास्थ्य टीम भेजकर मरीजों का उपचार कराया जाएगा। वहीं प्रधान सीमा देवी ने बताया कि गांव में जल्द ही श्रमिकों को लगाकर सफाई कराई जाएगी।