गुरसहायगंज। चोरों ने दो घरों में घुसकर नगदी सहित हजारों के जेवरात चुरा लिए। चोरी के समय घर वाले सोते रहे। सुबह जानकारी होने पर हड़कंप मच गया। पीड़ितों की ओर से पुलिस को चोरों के खिलाफ तहरीर दी गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर चोरों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
कस्बा के मोहल्ला गांधीनगर निवासी जुनैद खान परिजनों के साथ बुधवार रात घर के एक कमरे में सो रहे थे। इस दौरान चोर दीवार फांदकर घर के अंदर घुस गए। कमरे में रखी अलमारी का लॉक तोड़ अलमारी में रखे पांच मोबाइल 36 हजार रुपये और 50 हजार के जेवरात पार कर दिए। वहीं पड़ोसी बेकरी संचालक रियाज खान के यहां से 12 हजार की नगदी पार कर दी। सुबह मोहल्ले में दो जगह चोरी की जानकारी से सनसनी फैल गई। कस्बा चौकी प्रभारी प्रेम सिंह राजपूत मौके पर पहुंचे और घटना की छानबीन की। रियाज बेकरी में लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस चोरों का सुराग लगाने का प्रयास कर रही है।