कन्नौज। अगरबत्ती कारखाने में एक श्रमिक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। परिजनों ने मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
शहर के मोहल्ला चिरैयागंज में कांशीराम कालोनी निवासी विजय कुमार (22) पुत्र सुरेश कुमार हाजीगंज मोहल्ला की एक अगरबत्ती कारखाने में काम करता था। गुरुवार की दोपहर करीब डेढ़ बजे अचानक उसकी हालत बिगड़ गई। कारखाना मालिक अन्य कर्मचारियों के साथ उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचा। चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन शव घर ले आए। भाई शरद ने सदर कोतवाल विकास राय से शव का पोस्टमार्टम कर निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की। इसके बाद तलैया चौकी प्रभारी विनीत उपाध्याय और कलां चौकी प्रभारी राजीव कुमार पांडेय ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाल ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।