तिर्वा। चेकिंग के दौरान पुलिस को देखकर बदमाशों ने फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस टीम ने भी फायरिंग कर घेराबंदी की। इस दौरान पुलिस ने एक बदमाश को दबोच लिया। उसका दूसरा साथी भागने में सफल रहा।
15 अगस्त पर कोतवाली पुलिस ईशन नदी पुल के पास अराजकतत्वों की तलाश में वाहन चेकिंग कर रही थी। उसी दौरान एक बाइक पर दो युवक निकले। जिन्हें रोकने पर बाइक सवारों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी और पैदल भागने लगे। सिपाहियों ने एक बदमाश को दबोच लिया। जिसने अपना नाम प्रमोद उर्फ टुर्री पुत्र रंगलाल निवासी नुनारी बताया है। इस मौके पर उसका गांव का साथी विनोद पुत्र गंगाराम भाग निकला। पुलिस ने प्रमोद के कब्जे से तमंचा और कारतूस भी बरामद किया है। कोतवाल इंद्रपाल सरोज ने बताया कि यह तमंचे के बल पर लूट व चोरी की घटनाएं करता था। उसके पास से 16 हजार रुपये व तमंचा बरामद हुआ। जल्द ही उसके फरार साथी को भी गिरफ्तार किया जाएगा।