कन्नौज। बाग के चौकीदार को मौत के घाट उतारने वाले मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर पुलिस ने जेल भेज दिया। अन्य फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस दबिश रही है। हत्या में प्रयुक्त हुए खून से सने हंसिया को पुलिस ने भी बरामद कर लिया।
शहर के पाठकाना मोहल्ला निवासी इत्र कारोबारी राजा पाठक का खिदरपुर बाग कदरौली बांगर में खिदरपुर बाग निवासी 48 वर्षीय छोटेलाल चौकीदार की जटपुरा वीवी चिमनी निवासी इस्माइल पुत्र जहूर ने पड़ोसी दोस्त रमेश पुत्र श्रीराम, इस्लाम और इश्तिाक पुत्र इजराइल के साथ शुक्रवार रात हत्या कर दी थी। पुलिस की जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी बाग में ताड़ी बेचता था। इसका छोटेलाल विरोध करता था। शुक्रवार को छोटे लाल ने इस्माइल के पास से दो लीटर ताड़ी छीनकर पी ली थी। इस पर विवाद हुआ था। इसके बाद उसने दोस्तों के साथ हत्या कर दी। गिरफ्तार हुए मुख्य आरोपी इस्माइल की निशानदेही पर पुलिस ने खून से सने हंसिया को बरामद कर लिया। रविवार को पुलिस ने उसे जेल भेज दिया। कोतवाल नागेंद्र कुमार पाठक ने बताया कि अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।