कोविड-19 हॉस्पिटल जाते जिला अस्पताल के ओटी टेक्नीशियन का उत्साहवर्धन करने पहुंचे कर्मचारी।
- फोटो : KANNAUJ
कन्नौज। जिले में रविवार को कोरोना के 16 मरीज मामले सामने आए हैं। मेडिकल कालेज में तैनात एक डाक्टर और जिला अस्पताल में ओटी टेक्नीशियन की भी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। जिससे स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। जिले में संक्रमितों का आंकड़ा 205 हो गया है। राहत की बात यह भी है कि 128 लोग कोरोना को मात देकर घर जा चुके हैं। अब 76 मरीजों का कोविड-19 हास्पिटलों में इलाज चल रहा है। मौजूदा समय जिले में 72 हॉटस्पॉट बनाए जा चुके हैं। सबसे अधिक संख्या मेें रविवार को 14 हॉटस्पॉट बनाए गए हैं। संक्रमित मिले लोगों में 146 प्रवासी व 59 अप्रवासी हैं।
जिले में कोरोना संक्रमण के मामले तेजी से बढ़ रहे है। रोजाना मरीजों की संख्या में इजाफा हो रहा है। रविवार को आई जांच रिपोर्ट में 16 नए संक्रमित केस सामने आए है। इनमें जिला अस्पताल का 30 वर्षीय ओटी टेक्नीशियन, मेडिकल कालेज के 28 वर्षीय डाक्टर भी शामिल है। करीब एक सप्ताह से डाक्टर आइसोलेशन वार्ड में ड्यूटी कर रहे थे। मिरुअनमढ़ा उर्मदा निवासी 37 वर्षीय युवक दिल्ली से लौटा था। तिर्वा कस्बे के रानी अवंतीबाई मोहल्ला निवासी 16 वर्षीय किशोर दिल्ली से लौटा था। इसके अलावा इसी मोहल्ले के 34 वर्षीय दिल्ली से लौटे व्यक्ति की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। मधपुरी हसेरन निवासी 26 वर्षीय युवक, गुरुग्राम से लौटा था। नुनारी तिर्वा निवासी 34 वर्षीय युवक दिल्ली से लौटा था। जवाहर नगर तिर्वा निवासी 28 वर्षीय युवक गुरुग्राम से लौटा था। नंदपुर इंदरगढ़ निवासी 50 वर्षीय अधेड़ कानपुर से लौटा था। जिनौठी बहोसी उर्मदा निवासी 35 वर्षीय युवक भिवानी हरियाणा से लौटा था। तिजलापुर उर्मदा निवासी 28 वर्षीय महिला, हजियापुर तिर्वा उर्मदा निवासी 28 वर्षीय महिला, फर्रुखाबाद जनपद निवासी 30 वर्षीय महिला संक्रमित मिली है। इस महिला का बच्चा कोरोना संक्रमित होने से जिले के कोविड-19 हॉस्पिटल मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया था। बच्चे के इलाज के दौरान मां भी संक्रमित हो गई। इसी तरह खड़नी सौरिख निवासी 42 वर्षीय ग्रामीण, इंडियन गैस एजेंसी कन्नौज में काम करने वाला 32 वर्षीय कर्मचारी, कबीरपुर छिबरामऊ निवासी 27 वर्षीय युवक भी संक्रमित मिला है। इस युवक का भाई लखनऊ में दो दिन पहले निजी लैब में जांच कराने के बाद संक्रमित मिला था। जहां जिले में संक्रमित की संख्या बढ़ रही है वही कोविड-19 हॉस्पिटल में भर्ती मरीज ठीक हो रहे है। रविवार को 15 संक्रमित ठीक होने के बाद घर भेजे गए है। इनमें मेडिकल कालेज से चार, गौतम बुद्ध पैरामेडिकल कालेज कनपटियापुर से 11 मरीजों की छुट्टी की जा चुकी है।