छिबरामऊ। लॉकडाउन के पांचवें दिन भी प्रशासन विकास खंड की 91 ग्राम सभाओं में सब्जी वितरण की व्यवस्था शुरू नहीं करवा सका है। रविवार को विकास खंड ने अकबरपुर, प्रेमपुर, विशुनगढ़, कसावा, लडै़ता व घिलोई में सब्जी की होम डिलीवरी शुरू करवाई गई।
खंड विकास अधिकारी सतानंद दीक्षित ने बताया कि पहले चरण में विकास खंड की सबसे बडी ग्राम सभाओं में सब्जी की आपूर्ति शुरू करवाई गई है। सचिवों से सब्जी की सूची मांगी गई है, जो दूसरे गांव में सब्जी की बिक्री कर सके। उधर लॉकडाउन को चार दिन का समय बीत चुका है। प्रशासन सही ढंग से सब्जी, खाद्यान्न जैसी जरूरी सुविधाओं की आपूर्ति शुरू नहीं करवा सका है।
महोई गांव के लोग परेशान : गांव के संदीप मिश्रा, अवधेश मिश्रा ने बताया कि अभी तक प्रशासन द्वारा गांव में न ही सब्जी की व्यवस्था करवाई और न ही खाद्यान्न का वितरण। प्रशासन गरीबों तक भोजन पहुंचाने के दावे कर रहा है। गांव के दिहाड़ी मजदूरी की हालत देख सरकार के यह दावे खोखले साबित हो रहे हैं।