सौरिख। गांव में शार्ट सर्किट से एक घर में आग लग गई। आग ने तीन अन्य घरों को चपेट में ले लिया। गांव के लोगों ने आग पर काबू पाया। तब तक नगदी समेत गृहस्थी का सामान जल गया।
कुसका नगरिया में दोपहर चार बजे बिजली के शार्ट सर्किट से देवेश पुत्र अरविंद सक्सेना के घर पर रखे छप्पर में आग लग गई। चार हजार रुपये समेत गृहस्थी का सामान जल गया। आग ने मनोज, अरविंद, सर्वेश के घरों को भी चपेट में ले लिया। इन घरों में भी गृहस्थी का सामान राख हो गया। आग लगने से गांव में भगदड़ मच गई। गांव के लोगों ने आग बुझाई। अग्नि पीड़ित मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करते हैं। घटना के बाद से आसमान के नीचे रात बिताने को मजबूर हो गए हैं। गांव के लोगों ने पीड़ितों को मुआवजा दिए जाने की मांग की। गांव के लोगों का आरोप है कि लेखपाल को सूचना दिए जाने के बाद भी कोई मुआयना करने नहीं आया।