इंदरगढ़/कन्नौज। पति और बेटे के साथ साइकिल से मामा के घर मैनपुरी से पहुंची महिला में कोरोना लक्षण मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। आशा वर्कर की सूचना पर पुलिस टीम के साथ पहुंची स्वास्थ्य टीम ने कोरोना जांच का सैंपल लिया। इसके बाद गांव के बाहर सरकारी स्कूल में महिला को पति, बेटे के अलावा मामा और मामी को क्वारंटीन किया गया। हाल में महिला पति के साथ हरियाणा से लौटी थी।
मैनपुरी के बेबर थाना के अदुआ गांव में रहने वाला नासिद अली अपनी पत्नी शबनम, बेटा फैजान के साथ हरियाणा के भिवानी में एक सीमेंट फैक्टरी में मजदूरी करता है। 10 अप्रैल को नासिद परिवार के साथ गांव अदुआ पहुंचा था। यहां ग्रामीणों ने उसे गांव में घुसने नहीं दिया। इसके बाद वह अपनी ससुराल किशई जगदीशपुर मैनपुरी पहुंचा। यहां 11 भी शनिवार को ग्रामीणों ने शबनम को खांसी और बुखार देखकर भगा दिया। इसके बाद नासिद अली पत्नी और बेटे को साइकिल से लेकर इंदरगढ़ थाना के गांव कलशान में पत्नी के मामा साबिद के घर रविवार सुबह पहुंचा। दोपहर को साबिद के घर बाहरी लोगाें को देखकर इसकी सूचना 112 पुलिस को दी। इससे पुलिस टीम के साथ हसेरन सीएचसी में तैनात डा. विजेंद्र कुमार पहुंचे। थर्मल स्क्रीनिंग में शबनम में कोरोना लक्षण के मिले। तत्काल कोरोना जांच के लिए सैंपल लेकर सैफई मेडिकल कालेज भेजा गया। इसके बाद गांव के बाहर शबनम के परिवार और मामा-मामी को गांव के बाहर स्कूल में क्वारंटीन कर दिया। सीएमओ डा. के स्वरूप ने बताया कि महिला में लक्षण मिलने पर कोरोना जांच के लिए सैंपल भेजा गया है। उसके संपर्क में आने वाले लोगों को क्वारंटीन किया गया।