रोते-बिलखते महिला बैंक कर्मी के परिजन। संवाद
- फोटो : CHIBRAMAU
छिबरामऊ(कन्नौज)। नगर की ओरिएंटल बैंक ऑफ कॉमर्स की महिला कर्मचारी की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। पिता ने बैंक में ही कुछ होने की आशंका जताई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह स्पष्ट न होने से विसरा सुरक्षित किया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
इलाके के ग्राम बहबलपुर निवासी राजेश मिश्रा की बेटी सोनम मिश्रा(28) नगर की ओरिएंटल बैंक ऑफ कॉमर्स में संविदा लिपिक थीं। सोमवार को बैंक में भोजनावकाश के समय सोनम की हालत बिगड़ गई। बैंक कर्मियों ने निजी चिकित्सक के यहां भर्ती कराया। जानकारी पर पहुंचे परिजन फर्रुखाबाद ले जाने लगे। रास्ते में मौत हो गई। इससे परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर सीओ शिव कुमार थापा और कोतवाल विनोद कुमार मिश्रा बैंककर्मी के घर पहुंचे। पिता राजेश मिश्रा ने बताया कि दोपहर डेढ़ बजे के करीब वह बैंक गए थे। तब सोनम ठीक थी। दोपहर तीन बजे बैंक के सामने के चिकित्सक ने फोन पर बेटी की तबीयत खराब होने की जानकारी दी। बैंक के किसी भी कर्मचारी या अधिकारी ने उन्हें सूचना नहीं दी। वहीं बुधवार को पोस्टमार्टम में मौत का कारण स्पष्ट नहीं होने से विसरा सुरक्षित कर लिया गया। कोतवाल विनोद कुमार मिश्रा बुधवार को बैंक शाखा पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से जानकारी ली। पुलिस ने बैंक से हादसे के दिन के सीसीटीवी फुटेज लिए।
बैंक के शाखा प्रबंधक अजीत कुमार ने बताया कि हादसे के दिन वह छुट्टी पर थे। बैंक कर्मचारियों ने उन्हें बताया कि लंच के समय सोनम की हालत खराब हुई। इस पर अस्पताल में भर्ती कराया गया। बैंक कर्मियों ने सोनम के भाई को अस्पताल में बुला लिया था। इस संबंध में कोतवाल विनोद कुमार मिश्रा ने बताया कि जांच की जा रही है। पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है।
छह माह से बैंक में तैनात थीं सोनम
सोनम मिश्रा छह माह से ओरिएंटल बैंक ऑफ कॉमर्स में सहायक लिपिक के तौर पर संविदा पर कार्य कर रही थीं। खाता खोलने के लिए काउंटर पर ड्यूटी लगाई गई थी। बैंक के शाखा प्रबंधक अजीत कुमार ने बताया कि सोनम की कार्यशैली अच्छी थी। वह मेहनत और लगन के साथ बैंक के कार्य निपटाती थीं।