कन्नौज। जिला कारागार में बंदी और कैदियों में उल्टी-दस्त की जानकारी पर जिला जज संगीता श्रीवास्तव ने डीएम राकेश कुमार मिश्र और एसपी प्रशांत वर्मा के साथ वहां निरीक्षण किया। जेल में बंदी और कैदियों की हालत सामान्य मिली। जिला जज ने जेल अधीक्षक विष्णुकांत मिश्र समेत अन्य अधिकारियों को निर्देश दिए कि जेल अस्पताल के चिकित्सा वार्ड में सिर्फ बीमार लोगों को ही भर्ती किया जाए। अनावश्यक रूप से किसी को भर्ती न करें।
गुरुवार को जेल निरीक्षण के दौरान जिला जज संगीता श्रीवास्तव ने डीएम और एसपी के साथ सभी बैरकों, चिकित्सालय, रसोई घर समेत पाकशाला का निरीक्षण किया। डीएम ने बंदी और कैदियों को गुणवत्ता पूर्ण पौष्टिक भोजन देने को कहा। उन्होंने कहा कि बंदियों को साफ-स्वच्छ कपड़े पहनने के लिए जागरूक किया जाए। अगर कोई बीमार होता है, तो तत्काल चिकित्सा परीक्षण कराएं। वहीं एसपी ने कहा कि सप्ताह में एक दिन बैरकों की तलाशी ली जाए। अलग-अलग कार्यालय में बुलाकर बुजुर्ग बंदी और कैदियों से जेल की गतिविधियों के बारे में जानकारी भी की जाए।