कन्नौज। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के बाद अब स्वास्थ्य विभाग ने भी तालग्राम के मोहल्ला कायस्थान से पानी के तीन नमूने लेकर जांच के लिए लखनऊ भेजे हैं। रिपोर्ट आने पर पानी की गुणवत्ता का पता चलेगा।
तालग्राम के मोहल्ला कायस्थान में 27 जून को उल्टी-दस्त से दो सगी बहनों और उनकी चचेरी बुआ की मौत हो गई थी। इसके अलावा भी 20 लोग उल्टी-दस्त से पीड़ित मिले थे। स्वास्थ्य विभाग का मानना है कि दूषित पानी पीने के कारण इन लोगों को समस्या हुई। इसलिए मोहम्मद जमील के घर के बाहर लगे हैंडपंप के पानी का नमूना लिया है। इसके अलावा मोहल्ला तालाब कला के चौखटा तिराहा पर स्थित पानी टंकी का नमूना और टंकी से पाइप लाइन से होने वाली आपूर्ति के पानी का नमूना लिया गया है।
एसीएमओ डॉ. बृजेश शुक्ला ने बताया कि तीन अलग-अलग जगहों से पानी के नमूने लिए गए हैं। नमूनों को सील कर स्वास्थ्य भवन लखनऊ को जांच के लिए भेज दिया गया है। जांच होने में करीब दस दिनों का समय लग सकता है। जांच के बाद ही पीने के पानी की गुणवत्ता मालूम हो सकेगी।