गुरसहायगंज। एक ही गांव के 25 कनेक्शनधारकों पर सात लाख रुपये का बिल बकाया होने से नाराज लाइनमैन ने गांव की बिजली आपूर्ति काट दी। लाइनमैन का कहना है कि जो-जो बकायेदार बिल जमा करते जाएंगे, उनके कनेक्शन जोड़ दिए जाएंगे। एसडीओ ने मामले की जानकारी होने से इनकार किया है।
गुरसहायगंज क्षेत्र के ग्राम जयसिंहपुरवा की आबादी लगभग दो हजार है। यहां 25 लोगों ने बिजली का कनेक्शन ले रखा है। इन उपभोक्ताओं पर लंबे समय से बिल बाकी है। मंगलवार की दोपहर लाइनमैन सुमरीत राजपूत ने पूरे गांव की बिजली काट दी। गांव के उपभोक्ता भारत वेद प्रकाश, संतोष, सुग्रीव, अशोक आदि ने बताया कि बिजली का बिल नहीं जमा कर पाए थे। लाइनमैन का कहना है कि बकाया अदा करने पर उपभोक्ताओं के कनेक्शन जोड़ दिए जाएंगे। एसडीओ सुधांशु श्रीवास्तव ने बताया कि उन्हें इसकी जानकारी नहीं है।