मेडिकल स्टोर पर जांच करती टीम। संवाद
- फोटो : KANNAUJ
इंदरगढ़। कस्बे के त्रिपाठी मेडिकल स्टोर पर तीन जनपदों के औषधि निरीक्षकों की संयुक्त टीम ने बुधवार को छापा डाला। लगभग 62 हजार रुपये की अवैध दवाएं मिलीं। इन्हें बेचने पर रोक है। टीम ने नौ अलग-अलग संदिग्ध दवाओं के नमूने भी लिए हैं।
कानपुर के आयुक्त को इंदरगढ़ कस्बे के त्रिपाठी मेडिकल स्टोर को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं। जांच के लिए औरैया की औषधि निरीक्षक ज्योत्सना आनंद, फर्रुखाबाद के औषधि निरीक्षक अशोक कुमार और इटावा के डॉ. रजत पांडेय की संयुक्त टीम गठित की गई थी। बुधवार की दोपहर टीम इंदरगढ़ पहुंची और मेडिकल स्टोर पर जांच की। ज्योत्सना आनंद ने बताया कि नौ संदिग्ध दवाओं के नमूने लिए गए हैं। इनको जांच के लिए लखनऊ की प्रयोगशाला में भेजा जाएगा। इन दवाओं की गुणवत्ता को लेकर शंका है। इसके अलावा लगभग 62 हजार रुपये कीमत के इंजेक्शन समेत कुछ अन्य अवैध दवाएं मिली हैं।
उन्होंने बताया कि इन दवाओं को अवैध इसलिए माना गया है, क्योंकि तय स्थान पर यह रखी नहीं थीं। इनकी बिक्री पर रोक लगा दी गई है, यानी स्टाक होल्ड कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि संबंधित मेडिकल स्टोर को नोटिस भी जारी किया जाएगा।