पुलिस की गिरफ्त में हत्यारोपी राजू प्रजापति। संवाद
- फोटो : KANNAUJ
गुरसहायगंज। कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत कस्बे के मोहल्ला रामकृष्ण नगर निवासी चाट विक्रेता की हत्या का खुलासा पुलिस ने कर दिया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मृतक के दोस्त के विरुद्ध हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। शव का पोस्टमार्टम पैनल से कराया गया। रिपोर्ट में पेट में लात घूसों से आई गंभीर चोटों के कारण मौत होने की पुष्टि हुई है। आरोपी को जेल भेज दिया गया है।
कस्बा के मोहल्ला रामकृष्ण नगर निवासी रंजीत गुप्ता (28) जीटी रोड पर राम मंदिर के पास चाट की ठेली लगाता था। मंगलवार सुबह करीब नौ बजे पड़ोसी दोस्त राजू प्रजापति उर्फ मिन्नी रंजीत को जुआ खेलने के लिए साथ ले गया था। नगर पालिका की पानी की टंकी के पास अन्य दोस्तों के साथ दोनों जुआ खेल रहे थे। दोपहर करीब ढाई बजे हुए विवाद के बाद राजू प्रजापति ने रंजीत गुप्ता की लात-घूसों से पिटाई कर दी थी। इससे उसकी मौत हो गई थी। बुधवार को दो डॉक्टरों के पैनल से रंजीत गुप्ता का पोस्टमार्टम कराया गया।
रिपोर्ट में रंजीत के पेट में लात-घूसों से आईं चोटों से मौत होना बताया गया। पुलिस ने मृतक के पिता रामनरेश की तहरीर पर राजू प्रजापति के खिलाफ बेटे की हत्या करने की रिपोर्ट दर्ज की। पुलिस ने राजू प्रजापति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। एसपी प्रशांत वर्मा ने बताया कि आरोपी को जेल भेज दिया है।