गुरसहायगंज। कस्बे के मुख्य चौराहा पर धमाके साथ बंच कंडक्टर केबल में आग लग गई। बीच रोड पर केबल टूट कर गिरने से अफरा-तफरी मच गई। केबल जलने से छह मोहल्लों की बिजली गुल हो गई। कर्मचारियों ने करीब नौ घंटे बाद आपूर्ति बहाल की। इसी बीच करीब 17 हजार आबादी को भीषण गर्मी में परेशानी का सामना करना पड़ा।
बुधवार सुबह करीब सात बजे कस्बे के मुख्य चौराहे पर बंच कंडक्टर केबल में धमाके के साथ आग लग गई। इससे अफरा-तफरी मच गई। रोड पर आवागमन बंद हो गया। करीब 10 मिनट तक जलने के बाद केबल टूटकर रोड पर गिर गया। केबल टूटने से शास्त्री नगर, अशोक नगर, पटेल नगर, इंदिरा नगर, रेलवे रोड और तिर्वा रोड की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। करीब दो घंटे बाद बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची। केबल को जोड़ने में टीम को नौ घंटे लग गए। शाम करीब चार बजे आपूर्ति बहाल की जा सकी। बिजली गुल होने से भीषण गर्मी में लोग कराह उठे। दोपहर को पेयजल का संकट छा गया। जेई विकास कुमार ने बताया कि बंच कंडक्टर के जलने से बिजली आपूर्ति प्रभावित रही। कर्मचारियों ने केबल ठीक कर आपूर्ति शुरू करा दी।