कन्नौज। गंगा में डूबे युवक का तीसरे दिन पुल के नीचे शव मिला। वहीं पोस्टमार्टम हाउस में चिकित्सकों के देरी से पहुंचने पर परिजनों और ग्रामीणों ने हंगामा किया।
सदर कोतवाली के ग्राम कटरीगंगपुर निवासी अरविंद (18) शनिवार को गंगा में डूब गया था। सोमवार सुबह करीब सात बजे पुल से गुजर रहे लोगों ने गंगा में शव देखा। गोताखोरों ने शव बाहर निकाला। शव देखते ही अरविंद के परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। यहां दोपहर करीब 12 बजे तक जब पोस्टमार्टम करने वाले चिकित्सक नहीं पहुंचे तो परिजनों और ग्रामीणों ने हंगामा शुरू कर दिया। सीएमओ डॉक्टर विनोद कुमार ने बताया कि देर से पहुंचने पर दो चिकित्सकों से स्पष्टीकरण मांगा गया है।