कन्नौज। राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज में मेस का घटिया खाना देखकर छात्रों ने हंगामा किया। छात्रों का आरोप है कि खाना खाने से कुछ छात्रों की तबीयत बिगड़ गई। इससे कॉलेज प्रबंधन मेस संचालक के खिलाफ कार्रवाई कर अच्छे भोजन की व्यवस्था कराएं।
बुधवार दोपहर राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज की मेस का छात्रों ने खाना खाया। इससे छात्रों की तबीयत बिगड़ गई। साथियों ने तीनों छात्रों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। आराम मिलने के बाद साथी कॉलेज कैंपस लेकर पहुंचे। यहां मेस के घटिया खाने से फूड प्वाइजनिंग की बात कहते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया।
छात्रों ने मेस संचालक पर घटिया खाना बनाकर सेहत के साथ खिलवाड़ का आरोप लगाया। राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज के निदेशक डॉ. मनोज शुक्ला ने बताया कि बाहर का खाना खाने से छात्रों की तबीयत बिगड़ी थी। मेस के खाने से अगर फूड प्वाइजनिंग होती तो कई छात्र बीमार पड़ते। फिलहाल मेस के भोजन की गुणवत्ता की जांच कराई जाएगी।