छिबरामऊ। बाइक सवार किशोर को ट्रक ने टक्कर मार दी। राजकीय मेडिकल कॉलेज तिर्वा में उपचार के दौरान किशोर की मौत हो गई। हादसे का शिकार हुआ किशोर हेलमेट नहीं लगाए था, जिस कारण उसके सिर पर गंभीर चोटें आईं।
नगर के मोहल्ला कटरा निवासी अरुण (16) पुत्र राजेश कठेरिया के घर में मंगलवार को उसके फूफा रवींद्र कुमार आए थे। बुधवार सुबह वह फूफा की बाइक लेकर चलाने के लिए फर्रुखाबाद चौराहे की तरफ आया था। इसी दौरान बेवर से कानपुर की तरफ जा रहे ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। हेलमेट न लगाए होने के कारण अरुण के सिर पर गंभीर चोटें आईं। मौके पर मौजूद लोगों ने ट्रक चालक को पकड़ लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने चालक को कोतवाली भेज दिया और अरुण को सौ शैया अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे गंभीर हालत में राजकीय मेडिकल कॉलेज तिर्वा के लिए रेफर कर दिया। जहां उपचार के दौरान अरुण की मौत हो गई।
परिजनों ने बताया कि अरुण चार भाइयों में दूसरे नंबर का था। उसके पिता मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करते हैं। कोतवाल जयप्रकाश शर्मा ने बताया कि मामले की रिपोर्ट दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।