ठठिया। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ठठिया और भुन्ना का एसडीएम ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान पीएचसी में दो डॉक्टर गैर हाजिर मिले। एसडीएम ने नाराजगी जताई और कार्रवाई के लिए डीएम को रिपोट भेजने की जानकारी दी।
गोशाला में गंदगी और अव्यवस्थाएं देख एसडीएम ने केयर टेकर की क्लास लगाई। सोमवार को एसडीएम गरिमा सिंह ने ठठिया और भुन्ना पीएचसी का निरीक्षण किया। ठठिया में प्रभारी डॉ. रोहित काफी समय से गायब मिले। भुन्ना में डा अमृत सिंह गैरहाजिर मिले। सफाई व्यवस्था ठीक न मिलने पर एसडीएम का पारा चढ़ गया और कर्मचारियों को साफ सफाई के दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं के बारे में जानकारी ली और दवाई का स्टाक देखा। भुन्ना प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की चहारदीवारी टूटी मिली, जिसको जल्द सही करावने के निर्देश दिए। ठठिया में बनी गोशाला का निरीक्षण किया । गोशाला में दो गोवंश बीमार मिलने पर केयरटेकर को फटकार लगाते हुए पशु चिकित्सक को बुलाकर उनका उपचार कराया। एसडीएम ने कार्रवाई के लिए डीएम को रिपोर्ट भेजने की बात कही है। डाक्टर से नोटिस देकर जवाब तलब किया जाएगा।