तिर्वा। शहीद स्मारक का हो रहे निर्माण के दौरान गांव के दो लोग बाधा उत्पन्न कर निर्माण रोक दिया। पीड़िता ने एसडीएम को शिकायत पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
थाना इंदरगढ़ के अजान गांव निवासी नीरज देवी ने बताया कि उसके पति प्रदीप सिंह 14 फरवरी 2019 को पुलवामा में हुए आतंकी हमले में शहीद हो गए थे। प्रशासन ने उसे गांव में शहीद स्मारक निर्माण के लिए जगह का आवंटन किया था। कम जगह देख उसने अपने निजी खेत से 500 गज भूमि उसमें शामिल कर दी थी। तीन साल बाद शहीद स्मारक का निर्माण अपने निजी धनराशि से कराना शुरू कर दिया। शहीद स्मारक का जैसे ही निर्माण शुरू किया, वैसे ही गांव के लोग उस भूमि पर निर्माण नहीं कराने का विरोध करने लगे। उसने बताया कि गांव के लोगों की सहमति पर प्रशासन ने उसे जमीन का आवंटन किया। नीरज ने एसडीएम को शिकायत पत्र देकर निर्माण में बाधक बने लोगों पर कार्रवाई कर उसका निर्माण कराए जाने की मांग की। एसडीएम राकेश कुमार त्यागी ने बताया कि मामले की जांच की जाएगी।