तालग्राम। लोकतंत्र रक्षक सेनानी उमाशंकर तिवारी (80) का रविवार देर रात निधन हो गया। सोमवार की सुबह प्रशासन ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर के साथ अंतिम विदाई दी।
अमोलर क्षेत्र के डिलाउरपुर निवासी उमाशंकर तिवारी अविवाहित थे। परिवार के अशोक तिवारी के पास रह रहे थे। वे वर्ष 1975 में इमरजेंसी के दौरान तत्कालीन इंदिरा गांधी सरकार का विरोध और लोकतंत्र बहाली की मांग करते हुए जेल गए थे। रविवार की देर शाम गांव के एक तिलक संस्कार में शामिल होकर घर लौटे थे। दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। इससे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
एसडीएम छिबरामऊ अशोक कुमार, कोतवाली प्रभारी गुरसहायगंज राजकुमार, उपनिरीक्षक महेंद्रसिंह आदि पहुंचे और शव को तिरंगा ओढ़ाकर उन्हें अंतिम विदाई दी। गंगा घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया। इस मौके पर राजे तिवारी, विपिन, राजेश, ऋषि तिवारी, गोविंद, गोपाल, श्यामकुमार, कृष्णलाल, अशोक कुमार, प्रधान प्रति गुरुप्रसाद, हाकिम सिंह समेत जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।