ठठिया (कन्नौज)। बेहटा गांव में सोमवार को अपना दल (एस) की राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल ने पिता स्व. डॉ. सोनेलाल पटेल की जन्मस्थली का वास्ता देकर भाजपा को वोट देने की अपील की। अनुप्रिया ने मंच से भाजपा प्रत्याशी असीम अरुण की तारीफ भी की।
चुनावी जनसभा में अनुप्रिया कहा कि भाजपा फिर से प्रदेश में सरकार बनाने जा रही है। इस बार जो कार्य होने से छूट गए हैं, सरकार बनते ही उन्हें पूरा कराया जाएगा। विकास कार्य होने से ही तरक्की, खुशहाली और समृद्धि के रास्ते भी खुलेंगे। उन्होंने भाजपा सरकार की उपलब्धियां भी गिनाईं।
इस क्षेत्र से गहरा लगाव
राज्यमंत्री ने कहा कि यह मेरे पिता की जन्मस्थली है। इसलिए मेरा यहां के लोगों से बेहद लगाव है। जनसभा को तिर्वा से भाजपा प्रत्याशी कैलाश राजपूत, बनवारी लाल दोहरे, अपना दल के जिलाध्यक्ष दिनेश कटियार, भाजपा जिलाध्यक्ष नरेंद्र राजपूत ने भी संबोधित किया। संचालन वीर सिंह भदौरिया ने किया।
समर्थकों ने भगवान बुद्ध की प्रतिमा भेंट की
समर्थकों ने राष्ट्रीय अध्यक्ष को फूलमाला पहनाकर और भगवान बुद्ध की प्रतिमा भेंट कर स्वागत किया। इस मौके पर अभिषेक पांडे, मनोज अवस्थी, प्रदीप कनौजिया, संतराम कटियार, दीपक कटियार, मुखलाल पालस, सौरव कटियार, अंकुर कटियार, रामनाथ कटियार, मदन अग्निहोत्री मौजूद रहे।
अर्चना पांडे के नहीं होने की रही चर्चा
भाजपा के तीन प्रत्याशियों में छिबरामऊ विधायक और प्रत्याशी अर्चना पांडेय सभा में मौजूद नहीं रहीं। इसकी चर्चा कार्यकर्ताओं में जोरों पर रही। अनुप्रिया पटेल को 12 बजे सभा को संबोधित करना था, लेकिन वे एक घंटा विलंब से दोपहर एक बजे पहुंचीं।
सोनेलाल पटेल सामुदायिक केंद्र का शुभारंभ
केंद्रीय राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल ने तालग्राम सकरवार में सोनेलाल पटेल सामुदायिक विकास का शुभारंभ भी किया। इस दौरान भी छिबरामऊ की विधायक मौजूद नहीं थीं।