हसेरन। परिजनों व आशा कार्यकर्ता के साथ अस्पताल आ रही महिला को रास्ते में प्रसव पीड़ा तेज हो गई। आशा कार्यकर्ता ने परिजनों व एंबुलेंस कर्मियों के सहयोग से एंबुलेंस में ही प्रसव कराया। बाद में जच्चा और बच्चा को सीएचसी में भर्ती कराया गया है।
ग्राम पाय पुरवा निवासी लक्ष्मी देवी (25) को प्रसव पीड़ा शुरू होने पर परिजनों ने गांव की आशा कार्यकर्ता कुसुमा देवी को बुलवा लिया। आशा कार्यकर्ता की सूचना पर एंबुलेंस गांव पहुंच गई। गर्भवती महिला को लेकर एंबुलेंस सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जा रही थी। रास्ते में प्रसव पीड़ा तेज होने पर ईएमटी शिवम श्रीवास्तव व पायलट अविनाश कुमार ने एंबुलेंस को सड़क के किनारे रोक दिया। आशा कार्यकर्ता ने परिजनों व एंबुलेंस कर्मियों के सहयोग से डिलीवरी कराई। पुत्र जन्म होने से परिजनों में खुशी की लहर दौड़ गई। बाद में एंबुलेंस कर्मियों ने जच्चा और बच्चा को सुरक्षित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती करा दिया गया। यहां इलाज के बाद हालत में सुधार होने पर महिला को परिजनों के साथ घर भेज दिया गया।