लाइट जलाकर एक्सप्रेसवे पर गुजरते वाहन। संवाद
- फोटो : KANNAUJ
कन्नौज। कोहरे ने गुरुवार सुबह वाहनों की रफ्तार रोक दी। लाइट जलाने के बाद भी वाहन रेंगते हुए आते-जाते दिखे। वहीं पाला गिरने से रात में ही गलन बढ़ गई। सुबह भी लोग ठंड से कांपते दिखे। मौसम वैज्ञानिकों ने 20 जनवरी तक कोहरा लगभग हर दिन होने का अलर्ट जारी किया है।
शुक्रवार को जिले का न्यूनतम पारा 06 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह घना कोहरा रहा। अधिकांश लोग घरों के अंदर रहे और सर्दी से बचने का प्रयास करते देखे गए। सुबह और देर शाम सड़कों और प्रमुख बाजारों में सन्नाटा दिखा। मौसम वैज्ञानिक अमरेंद्र यादव ने बताया कि पछुआ हवाएं धीमी गति से चल रही हैं। इससे घना कोहरा छा रहा है। जिले में 20 जनवरी तक घना कोहरा होगा और मौसम में ठिठुरन रहेगी।
एक्सप्रेसवे पर बढ़ी हादसों की आशंका
तालग्राम। कोहरे के चलते आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर हादसों की आशंका बढ़ गई है। यूपीडा और एनसीसी समेत स्थानीय ट्रैफिक पुलिस ने चालकों को जागरूक करना शुरू किया है। घने कोहरे में चालकों को सुरक्षित स्थान पर पार्किंग कर कोहरा छंटने के बाद वाहन चलाने को कहा गया है। इससे हादसों पर रोकथाम रहेगी।