विशुनगढ़। क्षेत्र के सरदामई गांव के युवक ने पूर्व कानूनगो व उनके बेटों से जान का खतरा बताया है। पुलिस ने पूर्व कानूनगो व उसके बेटों सहित सात लोगों के खिलाफ अनुसूचित जाति उत्पीड़न की धाराओं में मामला दर्ज किया है।
क्षेत्र के ग्राम सरदामई निवासी प्रमोद कुमार जाटव ने बताया कि ग्राम समाज की सैकड़ों बीघा जमीन पर अवैध कब्जे को लेकर सेवानिवृत्त कानूनगो नूर मोहम्मद के खिलाफ तहसील प्रशासन से लेकर शासन तक शिकायत की थी। कार्रवाई में तहसील प्रशासन छिबरामऊ ने 56 बीघा जमीन इनके चंगुल से 23 जून 2020 को मुक्त कराई। इसके चलते नूर मोहम्मद, उसके बेटे व महिलाएं उससे रंजिश मानने लगे।
रिटायर्ड कानूनगो व उनके बेटे कई बार हत्या के लिए साजिश रच चुके हैं। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर पूर्व कानूनगो नूर मोहम्मद, उनके बेटों अरशद, नौशाद, अनवार व महमूद मंसूरी, सितारा पत्नी अनवार, सायदा पत्नी अरशद के खिलाफ एससी उत्पीड़न, षड्यंत्र रचने, बलवा सहित संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर जांच सीओ शिव कुमार थापा को सौंप दी है।