गोशाला में टाट लगाते अधिकारी। संवाद
- फोटो : KANNAUJ
कन्नौज। जिले की गोशालाओं में गोवंशों के ठिठुरने पर डीएम ने जिम्मेदारों की फटकार लगाई। आनन-फानन सभी गोशालाओं में टाट, तिरपाल और काऊ कोट के इंतजाम किए गए। डीएम ने कहा कि अगर सर्दी से किसी भी गोशाल में गोवंश की मौत हुई तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अमर उजाला के नौ दिसंबर के अंक में ठिठुर रहे गोवंश, टाट न तिरपाल खबर प्रकाशित हुई। इसका संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी राकेश कुमार मिश्रा ने सभी ब्लाक खंड और पशु चिकित्सा अधिकारियों को फटकार लगाई। नतीजा यह हुआ कि आनन-फानन अधिकारी जिले की 47 गोशालाओं के निरीक्षण पर निकल पड़े। सभी गोशालाओं में टाट, तिरपाल और काऊ कोट के इंतजाम किए गए। तालग्राम विकास खंड अधिकारी अमित कुमार ने जयरामपुर गोशाला को पास ही निर्माणाधीन गोशाला में गोवंशों को शिफ्ट कराया। इसके अलावा छिबरामऊ विकास खंड अधिकारी मनोज कुमार ने लड़ैता गोशाला में पर्याप्त गुड़ और भोजन के साथ तिरपाल का इंतजाम कराया। जिलाधिकारी ने कहा कि अगर सर्दियों में गोवंश बीमार हुए तो केयर टेकर व जिम्मेदारों पर कार्रवाई की जाएगी। जिला मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजय कुमार साल्या ने बताया कि जिले की 47 गोशालाओं में 3642 गोवंश हैं। सभी गोशालाओं में सर्दियों से निपटने और पर्याप्त चारे का इंतजाम कराया गया है।