ठठिया/उमर्दा (कन्नौज)। लखनऊ में कोर्ट मैरिज कर घर लौटे प्रेमी-प्रेमिका को साथ देख शनिवार रात को लड़के के परिजनों ने अपनाने से इनकार कर दिया। मामला तूल पकड़ता देख प्रेमी-प्रेमिका ने 112 नंबर डायल कर दिया। इसके बाद भी बात न बनने पर दोनों बाइक से कहीं चले गए।
थाना ठठिया के एक गांव में सामान्य जाति के युवक ने गांव के ही एक जाति विशेष की युवती से प्यार किया। दोनों का दो साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों के परिजनों को जब यह बात पता चली तो वे विवाह के लिए नहीं माने। इससे प्रेमी-प्रेमिका ने लखनऊ जाकर कोर्ट मैरिज कर ली। शादी के बाद प्रेमी बाइक से प्रेमिका को घर ले आया। प्रेमी के परिजनों ने जैसे ही प्रेमिका को देखा तो उसका विरोध करने लगे। जब बात नही बनी तो प्रेमी-प्रेमिका ने यूपी डायल 112 पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्ष को थाने जाने की सलाह दी। बाद में घंटों पंचायत के बाद भी बात न बनने पर प्रेमी बाइक से प्रेमिका को लेकर गांव से कहीं चला गया। दूसरी ओर पुलिस का कहना है कि थाने में दोनों पक्ष से किसी ने भी खिलाफ में तहरीर नहीं दी है।