छिबरामऊ। पीठासीन अधिकारी के बिना हस्ताक्षर वाले मतपत्रों को निरस्त किए जाने पर चुनाव लड़ रहे प्रत्याशियों ने हंगामा किया गया। आरओ ने मतपत्रों को निरस्त किए जाने को सही ठहराया।
वार्ड नंबर 15 से जिला पंचायत सदस्य पद के प्रत्याशी रवि कुमार के अधिवक्ता राजीव कुमार शुक्ला ने रिटर्निंग ऑफिसर को दिए शिकायती पत्र में कहा कि मतगणना में विकास खंड छिबरामऊ की ग्राम पंचायत निगोह खास के बूथ संख्या दो पर 86 मत घुड़सवार प्रत्याशी के पक्ष में पड़े हैं। जिन पर पीठासीन अधिकारी के हस्ताक्षर न होने के कारण उन्हें निरस्त मान लिया गया है। उन्होंने मतपत्रों को मतगणना में शामिल करने की मांग की। इसी तरह ग्राम करनौली में अशोक यादव आदि ने बिना हस्ताक्षर मतपत्रों को निरस्त किए जाने पर आपत्ति जताई। इस संबंध में तहसीलदार अभिमन्यु कुमार ने बताया कि निर्वाचन नियमावली में स्पष्ट निर्देश हैं कि पीठासीन अधिकारी के हस्ताक्षर न होने पर मतपत्र को निरस्त माना जाएगा।