छिबरामऊ। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की दो मई को होने वाली मतगणना के लिए पास बनवाने को प्रत्याशियों की भीड़ उमड़ पड़ी। पास बनवाने के लिए प्रत्याशी आपाधापी करते नजर आए। ब्लॉक मुख्यालय पर प्रधान पद के लिए 650 व ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए 30 पास जारी हुए। शनिवार को भी प्रत्याशियाें के पास बनाए जाएंगे।
शुक्रवार को जनपद मुख्यालय पर हुई मीटिंग के बाद दोपहर बाद आरओ व एआरओ ब्लाक मुख्यालय पर पहुंच गए और पास बनवाने का काम शुरू कर दिया। कोरोना सैंपलिंग कराने के बाद अपनी निगेटिव होने की रिपोर्ट लेकर प्रत्याशी पहुंचे। ग्राम प्रधान व ग्राम पंचायत सदस्य व क्षेत्र पंचायत सदस्य के लिए मतगणना के लिए सिर्फ एक ही पास बन रहा था। प्रत्याशी स्वयं अपना या अपने किसी भी समर्थक का पास बनवा सकता था। आरओ शिवमोहन सिंह ने बताया कि शुक्रवार की शाम तक प्रधान पद के लिए 650 व ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए 30 पास बन चुके हैं। उन्होंने बताया कि शनिवार को भी प्रत्याशियों के पास बनाए जाएंगे।
मतगणना पास के लिए कोरोना रिपोर्ट जरूरी नहीं
आरओ शिवमंगल सिंह ने बताया कि मतगणना पास बनवाने के लिए कोरोना की रिपोर्ट निगेटिव होना कोई जरूरी नहीं है। जिन प्रत्याशियों के पास निगेटिव रिपोर्ट नहीं होगी, उनके भी पास बनाए जाएंगे। दो मई को होने वाली मतगणना स्थल पर जाने वाले प्रत्याशी या उनके समर्थक की पहले थर्मल स्क्रीनिंग की जाएगी और फिर पल्स ऑक्सीमीटर से उनका ऑक्सीजन लेवल भी नापा जाएगा। सब कुछ सामान्य होने पर ही प्रत्याशी को मतगणना स्थल पर जाने दिया जाएगा।
इनसेट
प्रधान पद के 760 प्रत्याशियों की किस्मत है दांव पर
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में विकास खंड की 96 ग्राम पंचायतों में प्रधान पद पर 760, क्षेत्र पंचायत सदस्य के 504 व ग्राम पंचायत सदस्य के 102 प्रत्याशियों की किस्मत दांव पर है। बीडीसी के तीन प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं। वहीं ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए 684 प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं। ग्राम पंचायत सदस्य के अभी 399 पद रिक्त हैं।