थाना इंदरगढ़ के मढ़पुरा में ससुराल में दरवाजे पर बैठी विवाहिता।
- फोटो : KANNAUJ
इंदरगढ़(कन्न्नौज)। मायके से ससुराल आई विवाहिता को देख ससुरालियों ने दरवाजे बंद कर लिए। महिला जिद कर दरवाजे पर बैठ गई। मोहल्ले के लोगों ने सर्दी लगते देख गर्म कपडे़ दिए। सूचना पर पहुंची पुलिस के हस्तक्षेप के बाद भी ससुराल के लोगों ने दरवाजा नहीं खोला।
थाना क्षेत्र के मढ़पुरा गांव निवासी अभिषेक प्रताप सिंह की शादी 10 फरवरी 2020 को तालग्राम थाना क्षेत्र के नगला दुर्गा बेहटा गांव निवासी कल्पना पुत्री जगदीश सिंह से हुई थी। पारिवारिक विवाद के चलते कल्पना पांच माह पहले मायके में रहने लगीं। मंगलवार की शाम चचेरे भाई के साथ ससुराल आ गईं। कल्पना को देख ससुरालियों ने अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। ससुरालियों की हरकत को देख यह दरवाजे पर बैठ गईं। काफी रात तक दरवाजे नहीं खुले तो मोहल्लेवासियों ने सर्दी से बचाव के लिए गर्म कपडे़ दिए। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस भी दरवाजा खुलवाती रही। ससुरालियों ने अंदर आने से मना कर दिया।
थानाध्यक्ष विमलेश कुमार ने बताया कि शादी के बाद वैवाहिक जीवन तनावपूर्ण देख महिला के पिता ने दहेज अधिनियम के तहत तालग्राम थाने में ससुरालियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। इसके बाद से विवाहिता अपने मायके रह रही थी। मुकदमेबाजी को लेकर ससुरालीजन विवाहिता को घर में नहीं रखना चाहते हैं। दोनों पक्षों को बुलाया गया है। समझौता के प्रयास किए जाएंगे।