कन्नौज। प्रेम-संबंध बनाकर युवतियों से हजारों की ठगी के आरोपी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। आरोपी युवतियों से प्रेम-संबंध बनाकर उनसे नौकरी या फिर खर्च के नाम पर रुपये ठग रहा था।
तिर्वा कस्बा निवासी एक युवक सोशल साइट व रेलवे स्टेशन पर घूमकर युवतियों और छात्राओं से प्रेम-प्रसंग कायम करता था। इसके बाद युवतियों व छात्राओं को नौकरी या फिर माता-पिता के बीमार होने व अन्य कारणों का हवाला देकर ठगी कर लेता था। हाल में आरोपी ने पाल चौराहे के पास रहने वाली युवती से एक लाख और अरौल मकनपुर में रहने वाली युवती से 70 हजार रुपये ठग लिए। मकनपुर में रहने वाली युवती ने एसपी प्रशांत वर्मा से शिकायत की थी। सदर कोतवाली पुलिस ने बुधवार को बस स्टाप से युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। कोतवाल आलोक कुमार दुबे ने बताया कि तहरीर मिलने पर युवक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
इस तरह खुली पोल
अरौल और पाल चौराहे के पास रहने वाली युवती आपस में सहेली हैं। दोनों ने जब अपने-अपने प्रेमी की फोटो शेयर की तो एक ही युवक की निकली। पुलिस की पूछताछ में युवक ने कई युवतियों व छात्राओं को ठगी का शिकार बनाने की बात स्वीकार की है। दो युवतियों से तो वह गहने भी ठग चुका है।