कन्नौज। कोरोना से मौतों की सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। मेडिकल कॉलेज में कोरोना से दो लोगों की मौत हो गई। जिले में कोरोना संक्रमण की चपेट में 189 लोग और आ गए हैं। जिले में अब कोरोना संक्रमित की संख्या 7532 पहुंच गई है। 2105 संक्रमित को उपचार दिया जा रहा है।
जिले में कोरोना संक्रमण थमने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार को 189 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। शनिवार की रात कोरोना संक्रमण करे चलते मेडिकल कॉलेज में उपचार ले रहे सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव मानपुर निवासी नत्थू लाल(68) की मौत हो गई। बीमार होने पर परिजनों ने उनके 22 अप्रैल को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया था। उपचार के दौरान शनिवार की रात मौत हो गई। इसी तरह तिर्वा कोतवाली क्षेत्र के गांव कपूरपुर्वा निवासी कंचनलता(58) को 25 अप्रैल को बीमार होने पर मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया था जांच के दौरान कोरोना संक्रमित पाए जाने पर कोविड के आइसोलेशन में भर्ती किया गया। उपचार के दौरान शनिवार को उनकी मौत हो गई। शहर को छोड़ अब गांव में भी कोरोना संक्रमित अधिक निकलने लगे हैं। इसकी मुख्य वजह पंचायत चुनाव के दौरान बाहर से वोट डालने के लिए घर आए लोग हैं। बताया जाता है कि जो लोग बाहर से आए उनकी कोरोना जांच भी नहीं कराई गई है। इस कारण गांव में अब कोरोना संक्रमण पांव पसारता जा रहा है। सरकारी कर्मचारी भी अधिक संक्रमित हो रहे हैं। इन में सबसे अधिक पैरामेडिकल स्टाफ के कर्मचारी हैं। सीएचसी हसेरन में एक, कलक्ट्रेट में एक, 100 वनेड छिबरामऊ में पांच, सीएचसी जनखत में एक, मेडिकल कालेज में तीन, एनएचआई का एक कर्मचारी, पुलिस लाइन में तीन, सीएचसी कन्नौज एक, सीएचसी विनोद दीक्षित में एक, सीएचसी जलालाबाद दो, सीएचसी तिर्वा दो, थाना ठठिया एक, सीएचसी गुरसहायगंज में एक कर्मचारी की जांच रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। कोरोना गके नोडल अधिकारी डॉ. केसी राय का कहना है कि लॉकडाउन का पूरी तरह से पालन करा दिया जाए तो कोरोना संक्रमण पर अंकुश लग सकता है।