कन्नौज। जिला कोरोना मुक्त होने की ओर बढ़ चला है। सात कोरोना केस में चार ठीक होकर घर जा चुके हैं और बाकी तीन पॉजिटिव केस की पहली रिपोर्ट रविवार को निगेटिव आई है। इस रिपोर्ट ने स्वास्थ्य विभाग को बड़ी राहत दी है। अब इनकी दूसरी जांच के लिए सैंपल भेजे गए हैं। रिपोर्ट सोमवार को आने की उम्मीद है। सीएमओ डा. कृष्ण स्वरूप ने बताया कि अगर दूसरी रिपोर्ट भी निगेटिव आती है तो कन्नौज कोरोना मुक्त हो जाएगा और यह ओरेंज जोन से निकलकर ग्रीन जोन में पहुंच जाएगा।
सीएमओ ने बताया कि जिले से रविवार को 16 सैंपल भेजे गए हैं। अभी तक जिले से कुल 689 लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजे जा चुके हैं। इनमें 662 की रिपोर्ट प्राप्त हो चुकी है। 18 अप्रैल से कोई कोरोना पॅाजिटिव केस नहीं मिला है। सीएमओ ने कहा कि बचे तीन संक्रमितों की यदि दूसरी रिपोर्ट भी निगेटिव रही तो कन्नौज कोरोना मुक्त हो जाएगा। इसी के साथ यह ग्रीन जोन में भी शामिल हो जाएगा। कोविड-19 अस्पताल तिर्वा में जिले के तीन, औरैया के आठ और इटावा का एक यानी कुल 12 कोरोना संक्रमित मरीज भर्ती हैं।