कन्नौज जिले में ब्लाक प्रमुख चुनाव में सपा का पत्ता साफ हो गया। मतदान वाली उमर्दा और गुगरापुर सीट भी भाजपा ने लंबे अंतर से झटक ली। अब सभी आठ ब्लाकों में प्रमुख पद पर भाजपा का कब्जा हो गया। नाम वापसी प्रक्रिया पूरी होते ही छह ब्लाक प्रमुख निर्विरोध हो गए थे।
जिले में आठ ब्लाक हैं। यहां प्रमुख पद के लिए भाजपा और सपा में घमासान था। इस पद पर नामांकन के दिन करीब-करीब सभी ब्लाकों में उपद्रव हुआ था। मारपीट, पर्चा फाड़ने, पथराव, तोड़फोड़, फायरिंग हुई थी। पुलिस व प्रशासन लचर भूमिका में रहा।
जिले की कन्नौज सदर, जलालाबाद, तालग्राम, सौरिख, हसेरन में भाजपा प्रत्याशी नामांकन के दिन ही निर्विरोध हो गए थे। अगले दिन नाम वापसी में छिबरामऊ ब्लाक में पति के नामांकन वापस लेने से पत्नी निर्विरोध हो गईं। शनिवार को उमर्दा में चार और गुगरापुर में दो प्रत्याशी होने से मतदान कराया गया। मुख्य मुकाबला भाजपा और सपा प्रत्याशियों के बीच रहा।
बाकी डमी निकले। सुबह से उमर्दा और गुगरापुर ब्लाक पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया। चार प्लाटून पीएसी भी लगी थी। पुलिस के करीब ढाई सौ जवानों को लगाया गया। ब्लाक के बाहर बैरिकेडिंग कर 500 मीटर की परिधि को बाहरी लोगों के लिए प्रतिबंधित कर दिया गया।