कन्नौज। बाहरी प्रांतों से आकर घर पहुंचे लोगों को गांव या गांव के बाहर क्वारंटीन किया गया है। 14 दिन तक क्वारंटीन रखने के बाद अब घर भेजा गया है। इस तरह के लोगों के परिवार के एक सदस्य को शासन से नि:शुल्क खाद्यान्न दिया जाएगा। शासन ने इस तरह के लोगों की सूची मांगी है।
जिले में क्वारंटीन रहे करीब आठ हजार परिवारों को शासन से निशुल्क खाद्यान्न देने की योजना तैयार की गई है। योजना के तहत परिवार के एक सदस्य को लाभ दिया जाएगा।10 किलो आटा, पांच किलो चावल, 250 ग्राम हल्दी, 250 ग्राम मिर्च, 250 ग्राम धनिया, 500 ग्राम नमक, एक किलो सरसों का तेल, दो किलो भुने चना, पांच किलो आलू, दो किलो अरहर की दाल दी जाएगी। क्वारंटीन किए गए वह लोग योजना का लाभ नहीं ले सकेंगे, जो घर भी जाते रहे हैं और अधिकारियों के निरीक्षण के समय क्वारंटीन सेंटर में पहुंच जाते थे। इस तरह के लोगों के नाम प्रधान और सचिव ने सूची से हटा दिए हैं। इन्हें योजना का लाभ नहीं दिया जाएगा।