छिबरामऊ(कन्नौज)। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान के खेल मैदान पर चल रही परिषदीय विद्यालयों की दो दिवसीय जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का समापन हो गया। प्रतियोगिता में प्राथमिक स्तर पर 53 व उच्च प्राथमिक स्तर पर 122 अंक प्राप्त कर छिबरामऊ ब्लाक प्रथम स्थान पर रहा।
शनिवार को जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता के परिणाम घोषित किए गए। प्राथमिक स्तर पर 34 व उच्च प्राथमिक में 75 अंकों के साथ सौरिख ब्लाक ने दूसरा स्थान हासिल किया। प्राथमिक में 29 तथा उच्च प्राथमिक में 49 अंकों के साथ तालग्राम तृतीय स्थान पर रहा। प्राथमिक स्तर पर जलालाबाद ने चार, उमर्दा ने दस, हसेरन ने 18 अंक हासिल किए। उच्च प्राथमिक में जलालाबाद ने नौ, गुगरापुर ने 42, कन्नौज ने 29, उमर्दा ने दस व सौरिख ने बीस अंक हासिल किए।
अंतिम दिन बालक तथा बालिकाओं की खो- खो प्रतियोगिता में सौरिख की टीम प्रथम, कबड्डी में नौरंगपुर गुगरापुर की टीम प्रथम, योगासन व व्यायाम प्रदर्शन में छिबरामऊ प्रथम, एकांकी, लोकगीत व लोक नृत्य, अंत्याक्षरी व समूह गान प्रतियोगिता में हसेरन प्रथम व छिबरामऊ दूसरे स्थान पर रहा। जिम्नास्टिक में छिबरामऊ प्रथम, हसेरन द्वितीय, उच्च प्राथमिक स्तर पर हुई बालक व बालिकाओं की कबड्डी में छिबरामऊ प्रथम व तालग्राम द्वितीय रहा। खो-खो बालक व बालिका वर्ग में छिबरामऊ प्रथम व कन्नौज, नगला बिहारी द्वितीय रहे।
उमर्दा विधायक ने किया प्रतियोगिता का समापन
जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का समापन उमर्दा विधायक कैलाश राजपूत व बीएसए केके ओझा ने किया। इस मौके पर विधायक ने कहा कि हारने वाले छात्र व टीमें निराश न हों। अपने प्रदर्शन की समीक्षा करें। कमियों को दूर कर आगामी प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करें। ऐसे छात्रों को हर हाल में जीत हासिल होगी। अंत में विधायक कैलाश राजपूत व बीएसए ने विजेता प्रतिभागियों को ट्राफी प्रदान कर हौसला बढ़ाया। इस अवसर पर बीईओ सुनील कुमार दुबे, जयसिंह, पवन द्विवेदी, अनूप मिश्रा, सुमन लता यादव, शशिकांत शुक्ला, रमा मिश्रा, चंद्रलता त्रिपाठी, आशीष राजपूत, राजपाल शाक्य, अरुणेश चतुर्वेदी, मीना राठौर, प्रभात दुबे, सतेंद्र यादव, सतेंद्र भूषण शुक्ला, शैलेंद्र दुबे, अतुल दीक्षित, सुशील यादव सहित कई शिक्षक मौजूद रहे।
गश खाकर गिरा शिक्षक
जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान के मैदान पर चल रही जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता के दौरान उच्च प्राथमिक विद्यालय नगला बिहारी, सौरिख के प्रधानाध्यापक सुनील कुमार बेहोश होकर गिर पड़े। शिक्षक की हालत खराब देख लोगों में अफरातफरी मच गई। बीएसए केके ओझा ने अपनी गाड़ी से सुनील कुमार को सौ शय्या अस्पताल भिजवाया। यहां देर सायं तक उपचार चल रहा था।