कस्बे में शुक्रवार को पूरे दिन कई चौराहों पर जाम की
झाम से यात्री परेशान रहे। कस्बे के गांधी चौक चौराहे से लेकर राजकीय
मेडिकल कालेज तक करीब तीन किमी का लंबा जाम दो घंटे तक लगा रहा। जाम में कई
एंबुलेंस भी फंसी रही। किसी तरह से पुलिस ने जाम में फंसे वाहनों को
निकाला।
इसके अलावा पूरे दिन खैरनगर रोड, ठठिया रोड, गुरसहायगंज रोड पर
भी जाम की नौबत आती रही। शुक्रवार को भारी सहालग का दिन होने एवं तिर्वा
की आलू मंडी में भारी तादात में नए आलू की आवक को लेकर वाहनों का जाम लगता
रहा। सबसे अधिक जाम की नौबत ठठिया रोड चौराहे पर आई।
इस चौराहे पर
गुरसहायगंज, कन्नौज, ठठिया व बेला की ओर से आने वाले चौपहिया वाहनों के
अलावा ट्रकों व ट्रैक्टरों के काफिलों के कारण जाम लगता रहा। दोपहर तीन बजे
के करीब गांधी चौक चौराहे से लेकर मेडिकल कालेज तक सड़क के दोनों ओर भारी
जाम लगा।
इस जाम को खुलवाने के लिए कोतवाली पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी
पड़ी। करीब एक घंटे के प्रयास के बाद वाहनों का आनाजाना शुरू हो पाया। यही
हालत कस्बे के खैरनगर रोड पर रही। गांधी चौक चौराहे से खैरनगर रोड स्थित
आलू व गल्ला मंडी तक भारी वाहनों का जाम लगा रहा, जिससे लोगों को पैदल
निकलना भी दूभर हो गया।